

रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को सम्मानित करने और उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की है। मंत्री ने कहा कि कम उम्र में ही वैभव ने अपनी प्रतिभा, साहस और आक्रामक बल्लेबाज़ी से पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भले ही वैभव की टीम मैच जीतने में सफल नहीं रही हो, लेकिन उन्होंने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि एक क्रिकेट खिलाड़ी होने के नाते वह समझते हैं कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों का आत्मविश्वास के साथ सामना करना और उन पर हावी होना असाधारण प्रतिभा का परिचायक है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी ने न केवल अपने परिवार का बल्कि बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। मंत्री ने कहा कि जल्द ही उन्हें झारखंड में सम्मानित किया जाएगा। डॉ. अंसारी ने कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में वैभव सूर्यवंशी ने जिस प्रतिभा, अनुशासन और संघर्ष का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि वैभव आज के युवाओं के लिए मेहनत, फिटनेस और सकारात्मक सोच के प्रतीक बनकर उभरे हैं।स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार स्वास्थ्य विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। इसी उद्देश्य से उन्हें विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और देश को उन पर लंबे समय तक गर्व रहेगा।


