District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में विकास योजनाओं की हाईलेवल समीक्षा, अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

किशनगंज,29मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी की अध्यक्षता में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी विशाल राज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे। समीक्षा के दौरान अपर मुख्य सचिव ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कार्यों में और तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में सड़क, भवन, पुल-पुलिया, पेयजल, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे हों। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि गरीब एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का माध्यम हैं। इसलिए योजनाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं को तुरंत दूर करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी विशाल राज ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से अपर मुख्य सचिव को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर भूमि अधिग्रहण एवं फंड हस्तांतरण से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वे योजनाओं को केवल फाइलों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करना सुनिश्चित करें, ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। प्रशासनिक एवं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस समीक्षा बैठक के बाद जिले की कई लंबित परियोजनाओं को नई गति मिलने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!