अपराधगिरफ्तारीरांची

राँची में नक्सल नेटवर्क पर बड़ा वार… 50 से ज्यादा मामलों में मोस्ट वांटेड PLFI स्टेट चीफ अमृत होरो रांची एसएसपी को मिली गुप्त सूचना पर हुआ गिरफ्तार…

रांची//राजधानी रांची में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी और ऐतिहासिक कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के स्टेट चीफ और 10 लाख रुपये का इनामी नक्सली अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

उसके पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा गोलियां, तीन मोबाइल फोन और PLFI के नक्सली पर्चे बरामद किए गए हैं।करीब 16 वर्षों से पुलिस के लिए सिरदर्द बना अमृत होरो हत्या, रंगदारी, आगजनी और ठेकेदारों पर हमले समेत 50 से अधिक संगीन मामलों में आरोपी था।नक्सली अमृत होरो की गिरफ्तारी के सम्बंध में शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में एसएसपी राकेश रंजन ने प्रेसवार्ता में पूरी जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी और बेड़ो डीएसपी भी मौजूद थे। एसएसपी राकेश रंजन ने मीडिया को बताया कि 28 मई 2026 की देर शाम गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो अपने साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल के आसपास हथियारों के साथ घूम रहा है और किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन में और डीएसपी बेड़ो दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

महुगांव जंगल में घेराबंदी कर दबोचा गया

पुलिस टीम ने देर रात जाल बिछाया और महुगांव के जंगल इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान एक हथियारबंद शख्स को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमृत होरो के रूप में बताई। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह PLFI का स्टेट चीफ है।

50 से ज्यादा मामलों में था वांटेड

एसएसपी ने बताया अमृत होरो पिछले 16 वर्षों से झारखंड के विभिन्न जिलों में नक्सली गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी, लेवी वसूली, आगजनी, फायरिंग और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

व्यवसायियों और ठेकेदारों से मांगता था लेवी

पूछताछ में अमृत होरो ने खुलासा किया कि PLFI के नाम पर व्यवसायियों, ठेकेदारों और निर्माण कंपनियों में दहशत फैलाकर फोन और सोशल मीडिया एप के जरिए रंगदारी और लेवी की मांग की जाती थी। जो लोग पैसे देने से इनकार करते थे, उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

कई चर्चित घटनाओं में रहा शामिल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अमृत होरो कई बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। वर्ष 2023 में लापुंग के हुलसू गांव निवासी राजेश कुमार साहू की हत्या, वर्ष 2024 में जलमीनार निर्माण कार्य में 20 लाख रुपये की लेवी मांगने, खूंटी में रेल लाइन परियोजना स्थल पर फायरिंग कर रोड रोलर जलाने और 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने जैसे मामलों में उसका नाम सामने आया था। इसके अलावा लोहरदगा में राशन दुकान संचालक से 10 लाख रुपये की लेवी मांगने, बड़े कारोबारी को हर प्रोजेक्ट में 5%कमीशन नहीं देने पर जान से मारने की धमकी और पश्चिमी सिंहभूम में अपने ही संगठन के सदस्य की हत्या के मामले में वह आरोपी रहा है।

एसएसपी ने कहा-टूट गई संगठन की कमर

एसएसपी राकेश रंजन ने आगे कहा कि अमृत होरो कीगिरफ्तारी से PLFI संगठन को बड़ा झटका लगा है।उसकी गिरफ्तारी के साथ ही पीएलएफआई संगठन के शीर्ष नेतृत्व का लगभग पूरी तरह सफाया हो गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इससे राज्य में संगठन की गतिविधियों को बड़ा झटका लगेगा और रंगदारी तथा उग्रवादी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।सुरक्षा एजेंसियां अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य उग्रवादियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

(क्या कहा रांची एसएसपी राकेश रंजन ने प्रेसवार्ता में) देखे वीडियो…

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!