अररिया जिले के पलासी प्रखंड में भूमि विवाद में 60 वर्षीय अधेड़ मजदूर की हत्या,क्षेत्र में सनसनी का महौल

अररिया (अब्दुल कैय्युम)। अररिया जिला के पलासी ब्लॉक में बुधवार की अहले सुबह पलासी-सोहंदर मुख्य मार्ग पर डाला गांव के पास एक 60 वर्षीय अधेड़ का शव मिलते ही क्षेत्र सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित डूमरिया टोला वार्ड पांच निवासी जकीर के रूप में हुई। जकीर डूमरिया टोला निवासी स्व. अलीम उद्दीन का बेटा था। वह पलासी चौक पर मजदूरी- कुली का काम करता था। मंगलवार रात से ही वह गायब था। बुधवार की सुबह डाला के पास उनका शव मिला। मृतक मो जकीर के शरीर पर जख्म के कई निशान मिले हैं। दावा किया है कि मारपीट कर उन्हें शराब पिलाने के बाद धारदार हथियार से कई जगह जख्मी कर उनकी हत्या की गयी है। परिजनों ने भूमि विवाद मामले को लेकर हत्या की बात कही है । मृतक के छोटे भाई मो नौशाद ने बताया कि मंगलवार रात आठ बजे तक उनका भाई पलासी चौक पर थे। फिर घर आकर खाना खाये। इसके बाद फिर निकल गये। रातभर हमलोग जकीर की खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार की सुबह उनका शव बरामद हुआ। नौशाद ने बताया कि विरोधियों से उनलोगों का भूमि विवाद चल रहा था। कई बार धमकी दे चुका था। घर में भी आग लगा चुका है। कहा कि हमलोगों के पास रसीद व म्यूटेशन है। लेकिन वह खतियान दिखाकर कहता है कि जमीन खाली कर दी। जानकारी पलासी थाना को भी है। उन्होंने दावा किया है कि किसी दूसरी जगह हत्या कर डाला गांव के पास शव को फेंक दिया गया है। इधर पलासी के थानेदार मिथिलेश कुमार ने बताया कि सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र महबूब आलम के लिखित आवेदन पर पलासी थाना में 11 लोगो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। साथ ही साथ पुलिस नामजदों के खिलाफ छापेमारी अभियान शुरू कर दिया हैं। वही मृतक के परिजनों का रोरो कर बुरा हाल हैं।

