अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीतस्करों के खिलाफ कार्रवाईपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : एक सप्ताह में 51 अपराधी गिरफ्तार, 430 ग्राम हेरोइन के साथ कई वाहन जब्त

किशनगंज, 16 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने बीते सप्ताह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा 8 जून से 14 जून 2026 तक चलाए गए अभियान में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू खनन, शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी, गृहभेदन तथा वाहन चोरी के मामलों में लगातार कार्रवाई की गई।

मंगलवार को पुलिस मुख्यालय से जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि में कुल 51 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाते हुए 1 लाख 93 हजार रुपये की शमन राशि वसूल की गई।

मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 430.35 ग्राम स्मैक, हेरोइन एवं ब्राउन शुगर बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 80 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा विभिन्न मामलों में प्रयुक्त या जब्त किए गए वाहनों में एक बस, एक कार, 15 ट्रक, तीन हाईवा, दो ट्रैक्टर तथा तीन मोटरसाइकिलें शामिल हैं।

पुलिस ने अभियान के दौरान 12 मोबाइल फोन, एक मवेशी तथा 52 हजार 520 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 70 नावों को विनष्ट किया गया, जिससे अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों पर नकेल कसने के लिए नियमित रूप से वाहन जांच, छापेमारी और विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, अवैध खनन तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है, ताकि जिले को अपराधमुक्त बनाने के अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!