किशनगंज : पेयजल योजनाओं की समीक्षा, जल गुणवत्ता जांच नियमित करने का निर्देश

किशनगंज, 15 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला जल स्वच्छता समिति (डीडब्ल्यूएससी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पेयजल आपूर्ति योजनाओं, हर घर नल का जल योजना की प्रगति, जल गुणवत्ता निगरानी तथा विभिन्न योजनाओं के संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने हर घर नल का जल योजना की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के तहत जल गुणवत्ता जांच की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने फील्ड टेस्टिंग किट (एफटीके) के माध्यम से नियमित जल गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने तथा जांच प्रतिवेदनों का अद्यतन संधारण करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में नल जल की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शैक्षणिक एवं पोषण संस्थानों में सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों और लाभार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। इस दौरान हर घर नल का जल योजना से संबंधित विद्युत बिलों के भुगतान की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने लंबित भुगतानों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जलापूर्ति योजनाओं में कार्यरत पंप चालकों के मानदेय भुगतान की समीक्षा करते हुए समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित चापाकलों की मरम्मत एवं रखरखाव की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने खराब पड़े चापाकलों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता समिति तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अंत में जिलाधिकारी विशाल राज ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पेयजल योजनाओं की शत-प्रतिशत कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



