किशनगंज : मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 4108 अभ्यर्थी हुए शामिल

किशनगंज, 14 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला मुख्यालय के दस परीक्षा केंद्रों पर रविवार को मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें कुल 4108 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 5060 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा में किशनगंज सहित आसपास एवं दूर-दराज के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल होने पहुंचे। परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरू सिराज, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने बताया कि दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से करीब डेढ़ घंटे पूर्व ही अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध था। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व तथा समाप्ति तक वीक्षकों के लिए भी मोबाइल फोन ले जाना वर्जित रखा गया था। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए प्रत्येक केंद्र पर महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।



