किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और विकास के स्वर्णिम अध्याय : डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल

किशनगंज, 14 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को धर्मगंज स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की सबसे बड़ी ताकत जनता का अटूट विश्वास और सेवा भाव है, जिसके बल पर देश आज आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को धरातल पर उतारते हुए गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं।उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं तथा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया गया है।

डॉ. जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वहीं पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी, सुकन्या समृद्धि और अन्य योजनाओं का व्यापक लाभ मिला है।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेलवे का आधुनिकीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार तथा नए हवाई अड्डों का निर्माण अभूतपूर्व उपलब्धियां हैं। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत गांव-गांव तक इंटरनेट और बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाई गई हैं।

मंत्री ने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक मजबूत और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा और विदेशी निवेश में वृद्धि इसका प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। पत्रकार वार्ता में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!