घटना/दुर्घटनाठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : ओवरलोड मक्का लदे ट्रैक्टर और कार में भीषण टक्कर, 8 घायल

बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

किशनगंज, 16 जून (के.स.)। फ़रीद अहमद, सुखानी थाना क्षेत्र के सालगुड़ी फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ओवरलोड मक्का लदे ट्रैक्टर और एक कार की टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार 8 लोग, जिनमें 3 पुरुष, 2 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।

क्रेन की मदद से हटाई गई क्षतिग्रस्त कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR50AJ0879) के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की सहायता से हटाकर थाना ले जाने की प्रक्रिया की गई।

ट्रैक्टर पर नहीं थी वैध नंबर प्लेट

घटना के बाद ट्रैक्टर से जुड़ी गंभीर लापरवाही भी सामने आई। बताया गया कि ट्रैक्टर पर स्थायी नंबर प्लेट नहीं लगी थी तथा उस पर पेंट से लिखे गए नंबर को भी मिटा दिया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक मौके से भागने में सफल हो जाता तो वाहन की पहचान करना मुश्किल हो सकता है। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार बताया जा रहा है।

“नियमों के उल्लंघन से हो रहे हैं हादसे”

घटनास्थल पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि रसमुद्दीन फैज ने कहा कि सुखानी थाना क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा, “यह पहली घटना नहीं है। क्षमता से अधिक भार लेकर ट्रैक्टर हाईवे पर बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे छोटे वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। आज का हादसा भी परिवहन नियमों के खुले उल्लंघन का परिणाम है।”

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही सुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि कार में कुल 8 लोग सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और मक्का लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में विधिसम्मत और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के संचालन पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!