किशनगंज में NIA की छापेमारी, संदिग्ध हिरासत में
किशनगंज,29मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शुक्रवार तड़के जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत मिर्जापुर गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। एजेंसी की टीम ने सुबह करीब तीन बजे गांव पहुंचकर घंटों तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान मनोज रविदास के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, NIA को इनपुट मिला था कि संदिग्ध का संबंध किसी विदेशी संगठन से हो सकता है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी को एक ऑडियो क्लिप भी मिला है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि, NIA की ओर से अब तक मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
छापेमारी के दौरान NIA के साथ ATS, NSG और STF की टीम भी मौजूद थी। स्थानीय पुलिस बल को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था। एजेंसियों ने संदिग्ध के घर की गहन तलाशी ली और कई दस्तावेजों के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। जांच टीम ने घर के अंदर कई घंटों तक पूछताछ और तलाशी अभियान चलाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह-सुबह अचानक भारी संख्या में सुरक्षा बलों के पहुंचने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी को भी घर के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई। कार्रवाई पूरी होने के बाद NIA की टीम संदिग्ध को अपने साथ लेकर गांव से रवाना हो गई। संभावना जताई जा रही है कि आगे की पूछताछ के लिए उसे किशनगंज सर्किट हाउस या किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संदिग्ध के खिलाफ किस मामले में जांच चल रही है। स्थानीय प्रशासन भी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहा है। हालांकि, घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग कार्रवाई के पीछे की वजह जानने को उत्सुक हैं।
इधर, जिले में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ा दी गई है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।



