
नवेंदु मिश्र
नागपुर – केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक साथ आज नागपुर में यंत्र इंडिया लिमिटेड की इकाई आयुध निर्माणी, अंबाझरी में ‘10,000 टन के एक्सट्रूजन प्रेस’ का भूमिपूजन एवं कोनशिला का अनावरण किया।
भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के माध्यम से यंत्र इंडिया लिमिटेड ने नागपुर में इस महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत की है। रक्षा उत्पादन क्षेत्र में एल्युमिनियम एक्सट्रूज़न प्रेस का विशेष महत्व है। इसके माध्यम से रक्षा उत्पादों के साथ-साथ इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों में भी भारत की आत्मनिर्भरता को अधिक मजबूती मिलेगी।
संरक्षण उत्पादन, एयरोस्पेस, फाइटर जेट्स, ड्रोन और अन्य अत्याधुनिक परियोजनाओं के लिए आवश्यक उच्च गुणवत्ता वाले एल्युमिनियम घटकों के निर्माण में इस एक्सट्रूजन प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस परियोजना से देश की रक्षा विनिर्माण क्षमता को नई गति मिलेगी और स्वदेशी उत्पादन को और मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन्होंने आत्मनिर्भर और विकसित भारत का संकल्प लिया है। इसी संकल्प को साकार करते हुए भारत रक्षा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने देश की सामरिक क्षमता और सैन्य शक्ति का ऐसा परिचय दिया, जिसे पूरे विश्व ने देखा और सराहा। आज भारत की क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिल रही है। हमारी सरकारी कंपनियां नई तकनीकों के विकास और आधुनिक उत्पादन प्रणालियों के सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह आत्मविश्वास, सामर्थ्य और नवाचार ही नए आत्मनिर्भर भारत की पहचान है।
इस अवसर पर यंत्र इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक विजयकुमार अय्यर और अन्य मान्यवर उपस्थित थे।



