राज्य

एग्रिस्टैक अभियान में तेजी लाने को सभी अपर समाहर्ता को सख्त निर्देश

लंबित फॉर्मर रजिस्ट्री सत्यापन, दाखिल-खारिज मामलों और वीसी सिस्टम इंस्टॉलेशन को प्राथमिकता से पूरा करने का आदेश

हड़ताल के कारण लंबित कार्यों के निष्पादन को सुबह–शाम अतिरिक्त कार्य करें राजस्व कर्मचारी

सचिव की अध्यक्षता में वीसी के माध्यम से की गई समीक्षा

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव श्री जय सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को पुराना सचिवालय स्थित राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कॉन्फ्रेंस हॉल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी अपर समाहर्ता (राजस्व) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में चल रहे एग्रिस्टैक अभियान, दाखिल-खारिज मामलों, लंबित विभागीय कार्यों तथा राजस्व न्यायालयों में वीसी सिस्टम इंस्टॉलेशन की समीक्षा करते हुए कई सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में सचिव ने राज्य में चल रहे एग्रिस्टैक अभियान के तहत लंबित फॉर्मर रजिस्ट्री वेरिफिकेशन कार्यों को तेज गति से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही नए फॉर्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
सचिव ने राजस्व कर्मचारियों के स्थापना संबंधी मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अंचल अधिकारियों के लंबित वेतन भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश सभी जिलों को दिया। इसके अलावा सभी राजस्व न्यायालयों के लिए विभाग द्वारा क्रय किए गए वीसी सिस्टम के इंस्टॉलेशन की तैयारी शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
बैठक में नालंदा के अपर समाहर्ता के साथ मलमास मेला की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। वहीं विभागीय कार्य प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से निर्देश दिया गया कि कर्मचारियों की फिजिकल बैठक अब केवल शनिवार को होगी, जबकि अन्य दिनों में बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएंगी।
दाखिल-खारिज मामलों की समीक्षा के दौरान सचिव ने 120 दिनों से अधिक समय से लंबित वादों का अगले 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही डिफेक्ट चेक में लंबित करीब 3.10 लाख आवेदनों की सकारात्मक समीक्षा कर आवश्यक वाद दायर करने को कहा गया।
बैठक में सभी अपर समाहर्ताओं को निर्देशित किया गया कि हड़ताल अवधि के दौरान बड़ी संख्या में लंबित हुए मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी राजस्व कर्मचारियों को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक तथा शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक अतिरिक्त कार्य कर लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया गया।

सचिव ने सीएम डैशबोर्ड एवं जन शिकायत पोर्टल से संबंधित लंबित मामलों का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में भू अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक श्री सुहर्ष भगत, अपर सचिव डॉ महेंद्र पाल, आजीव वत्सराज, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री मणिभूषण किशोर, श्री नवाजिश अख्तर, उप सचिव श्री संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सह जिला जन संपर्क पदाधिकारी सुश्री जूही कुमारी, आईटी मैनेजर श्री आनंद शंकर, प्रशाखा पदाधिकारी श्री राजीव शंकर, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी श्री दीनदयाल राम, समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!