ठाकुरगंज : जमीन फर्जीवाड़ा गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, दो आरोपी गिरफ़्तार
फर्जी दस्तावेजों से जमीन बेचने का आरोप, तीन अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी

किशनगंज, 04 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, गलगलिया थाना क्षेत्र में जमीन संबंधी कथित फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में नामजद तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार भातगांव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बृजमोहन उर्फ मुन्ना सिंह की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने कथित रूप से फर्जी कागजात तैयार कर उनकी जमीन का अवैध तरीके से सौदा कर दिया। मामले की जांच अंचल प्रशासन द्वारा कराई गई, जिसमें भूमि अभिलेखों और दस्तावेजों में अनियमितताओं की बात सामने आई। इसके बाद पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भूमि से जुड़े फर्जीवाड़े का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो कथित तौर पर कमजोर और जरूरतमंद लोगों की जमीनों को निशाना बनाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रमों में भी स्थानीय लोगों ने ऐसे मामलों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था।
गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि दर्ज कांड संख्या 07/26 में नामजद आरोपी सरवर अली और नजमा खातून को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है और मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को भूमि फर्जीवाड़े के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी तरह सख्ती बरतता रहा तो जमीन से जुड़े अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा और पीड़ितों को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ेगी।



