
किशनगंज, 04 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के सुखानी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मक्का लदे ट्रैक्टर को खेत से ले जाने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने गला दबाकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी।
जानकारी के अनुसार 1 जून की रात बहादुरगंज थाना पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि सुखानी गांव निवासी जलालुद्दीन की हत्या गांव के ही मो. कैशर द्वारा कर दी गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मो. दिलशाद खां पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों तथा मृतक की पत्नी ने बताया कि जलालुद्दीन की गला दबाकर हत्या की गई है।
इस संबंध में मृतक की पत्नी तहमीना बेगम ने बहादुरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही मो. कैशर पर हत्या का आरोप लगाया। आवेदन के आधार पर बहादुरगंज थाना कांड संख्या 357/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. कैशर, पिता ताहिर हुसैन, निवासी सुखानी, थाना बहादुरगंज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसका मक्का लदा ट्रैक्टर जलालुद्दीन की जमीन से होकर गुजर रहा था। इसे लेकर जलालुद्दीन ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आवेश में आकर उसने जलालुद्दीन का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष मो. दिलशाद खां, पुलिस अवर निरीक्षक रामबाबू चौधरी समेत बहादुरगंज थाना के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। वहीं प्रशासन ने लोगों से भूमि विवाद जैसे मामलों में कानून का सहारा लेने और किसी भी परिस्थिति में हिंसा से बचने की अपील की है।



