District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़भ्रष्टाचार

किशनगंज : रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल, राजस्व कर्मचारी अमर कुमार सिंह निलंबित

दाखिल-खारिज मामले में 15 हजार रुपये मांगने का आरोप, विभागीय जांच के आदेश

किशनगंज, 04 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, 
किशनगंज में रिश्वत मांगने का कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी अमर कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं समाहर्ता किशनगंज विशाल राज द्वारा आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, वायरल ऑडियो क्लिप में अमर कुमार सिंह पर दाखिल-खारिज वाद के निष्पादन के लिए एक आवेदक से 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है। बताया गया है कि यह मामला उस समय का है जब वे दिघलबैंक अंचल में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। ऑडियो क्लिप के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक जांच कर कार्रवाई की।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया आरोपों की गंभीरता को देखते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली के तहत अमर कुमार सिंह को निलंबित किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने का भी निर्देश दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान अमर कुमार सिंह का मुख्यालय अनुमंडल कार्यालय किशनगंज निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विभागीय जांच के दौरान आरोपों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

इधर, कोचाधामन अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अमर कुमार सिंह के हल्का क्षेत्र का प्रभार 24 घंटे के भीतर किसी अन्य राजस्व कर्मचारी को सौंपा जाए तथा इसकी अनुपालन रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।

इसके अलावा संबंधित अधिकारी को आरोप पत्र तैयार कर विभागीय जांच की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश भी दिया गया है। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा है और इसे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!