किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : मेनका मौत मामले की जांच तेज, घटनास्थल पहुंचे एसपी संतोष कुमार

किशनगंज, 04 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर थाना क्षेत्र के डुमरिया भट्टा वार्ड संख्या 29 निवासी 13 वर्षीय नाबालिग लड़की मेनका की संदिग्ध मौत मामले की जांच अब पुलिस की प्राथमिकता बन गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार गुरुवार की शाम स्वयं माझिया रोड स्थित उस स्थल पर पहुंचे, जहां नदी किनारे नाबालिग का शव बरामद किया गया था।

एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग तथा आसपास के वातावरण का गहन अध्ययन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच की प्रगति की जानकारी ली और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पड़ताल की। इस दौरान एसडीपीओ-1 मो. खुसरू सिराज, इंस्पेक्टर मोहम्मद मुश्ताक सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने यह भी जानकारी ली कि मृतका के घर से घटनास्थल की दूरी कितनी है और वह किन रास्तों से वहां तक पहुंच सकती थी। साथ ही उन्होंने आसपास सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी जुटाई, ताकि घटना से जुड़े संभावित सुरागों को खंगाला जा सके। घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई और उनसे घटना से संबंधित जानकारी लेने का प्रयास किया गया।

एसपी ने मामले के अनुसंधानकर्ता को जांच के विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा साक्ष्यों के वैज्ञानिक विश्लेषण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।गौरतलब है कि मेनका 28 मई से लापता थी। परिजनों द्वारा उसकी खोजबीन किए जाने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई थी। इसके बाद पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी हुई थी। 01 जून को माझिया नदी के किनारे उसका शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद से पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। एसपी के स्वयं घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण करने से यह स्पष्ट हो गया है कि पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!