ताजा खबर

लापता युवक की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर सड़क जाम।…

गुड्डू कुमार सिंह :-आरा। पीरो थाना क्षेत्र के रजेयां गांव निवासी जयभगवान सिंह के 35 वर्षीय पुत्र नारायण कुमार सिंह की चार दिनों बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता के खिलाफ सड़क जाम कर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। सोमवार को सैकडों की संख्या में सड़क पर उतरे ग्रामीणों ने बिहियां -बिहटा स्टेट हाइवे को देवचंदा पुल के समीप जामकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। सड़क जाम के कारण यहां बालू लदे ट्रकों की लंबी कतार लग गई। ऐसे में यहां पूरे दिन अफरातफरी मची रही । इधर परिजनों के अनुसार नारायण कुमार सिंह की शादी 18 फरवरी को होने वाली है । वे गत 9 फरवरी को बिहियां जाने और शाम तक घर लौट आने की बात कह कर घर से निकले थे लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी न तो वे घर लौटे और न उनका कोई सुराग मिल रहा है जबकि सभी संभावित स्थानों पर उनकी खोज की जा चुकी है । इस मामले में पुलिस को लिखित सूचना दी गई है लेकिन पुलिस पूरी तरह निष्क्रिय है । बताया जा रहा है कि लापता युवक का मोबाइल भी बंद है। युवक की सकुशल वापसी स्थानीय पुलिस के लिए चुनौती बनी है। दूसरी ओर समय बीतने के साथ किसी अनहोनी की आशंका से परिजनों की चिंता बढ गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!