किशनगंजगिरफ्तारीतस्करों के खिलाफ कार्रवाईपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : अलग-अलग कार्रवाई में 237 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार

किशनगंज,15मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, उत्पाद विभाग की टीम ने शुक्रवार को जिले के अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 237 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब लग्जरी कार और ई-रिक्शा के माध्यम से तस्करी कर ले जाई जा रही थी। दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पहली कार्रवाई गलगलिया चेक पोस्ट पर की गई, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने एक लग्जरी कार से 195 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से मधुबनी जिले के फुलपरास निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि शराब की खेप सिक्किम से बंगाल होते हुए मधुबनी ले जाई जा रही थी। मामले में उत्पाद थाना कांड संख्या 554/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर की गई।

छापेमारी टीम में उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सिंह, चंदन कुमार रॉय सहित अन्य उत्पाद कर्मी शामिल थे।

दूसरी कार्रवाई ब्लॉक चौक के समीप की गई, जहां 42 लीटर विदेशी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णिया जिले के मरंगा निवासी पिंटू कुमार के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के अनुसार शराब की खेप बंगाल के कानकी से ई-रिक्शा के जरिए पूर्णिया ले जाई जा रही थी। कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक अमलेश कुमार तिवारी और सिपाही अविनाश कुमार भी शामिल थे।

उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न चेक पोस्टों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान शराब तस्करी की सूचना मिलने पर टीम ने गलगलिया चेक पोस्ट और ब्लॉक चौक के पास निगरानी बढ़ाई।

जांच के दौरान दोनों वाहनों को रोका गया। चालक भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन टीम ने खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया। वाहनों की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद वाहनों और आरोपियों को उत्पाद थाना लाया गया, जहां पुनः सघन जांच की गई।

फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!