किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़भ्रष्टाचार

किशनगंज : तुलसिया पंचायत में मनरेगा में 15 लाख की गड़बड़ी उजागर

किशनगंज,29अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के दिघलबैंक प्रखंड अंतर्गत तुलसिया पंचायत में मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। जिला स्तरीय जांच में फर्जी मस्टर रोल, बिना कार्य के भुगतान, ग्राम सभा प्रक्रिया में गड़बड़ी तथा मृत व्यक्तियों के नाम पर मजदूरी निकासी जैसे मामलों की पुष्टि हुई है। इस वित्तीय अनियमितता का अनुमानित आंकड़ा करीब 15 लाख रुपये बताया जा रहा है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, जॉब कार्डधारी रूहुल हक का निधन 16 दिसंबर 2024 को हो चुका था, इसके बावजूद अप्रैल, मई एवं जून 2025 तक उनके नाम पर कार्य आवंटित कर मजदूरी भुगतान दर्शाया गया।

जांच टीम ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की भूमिका की विस्तृत जांच की अनुशंसा की है। रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि कई योजनाओं में धरातल पर कोई कार्य नहीं हुआ, फिर भी मजदूरी एवं सामग्री मद में भुगतान कर दिया गया। कुछ जॉब कार्डधारियों ने शपथपत्र देकर बताया कि उन्होंने कोई कार्य नहीं किया, इसके बावजूद उनके खातों में राशि भेजी गई।

इससे योजना के क्रियान्वयन एवं निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के दौरान ग्राम सभा की प्रक्रिया भी संदेह के घेरे में पाई गई। उपस्थिति पंजी, कार्य स्वीकृति अभिलेख एवं योजना चयन प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आई हैं। साथ ही, कुछ मामलों में पहले से मौजूद तालाबों को नया कार्य दिखाकर भुगतान निकाले जाने की बात भी सामने आई है, जिसे सरकारी धन का दुरुपयोग माना गया है।

मामले में बुधवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने अनियमितताओं की पुष्टि करते हुए कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सरकारी राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू करने एवं भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी एवं सत्यापन व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!