टेढ़ागाछ थाना में जनसुनवाई सह पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी

किशनगंज,29अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को टेढ़ागाछ थाना परिसर में जनसुनवाई सह पुलिस-पब्लिक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करना रहा। इस दौरान लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़े, सड़क सुरक्षा, अवैध गतिविधियों समेत अन्य स्थानीय मुद्दों से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। अपने संबोधन में एसपी संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम के दौरान थाना स्तर पर पुलिस की कार्यप्रणाली, हेल्पलाइन नंबरों एवं विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा युवाओं को अपराध से दूर रखने जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
गोष्ठी में मौजूद स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उनकी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचती हैं, जिससे समाधान की प्रक्रिया तेज होती है।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही। यह पहल पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



