District Adminstrationअपराधकिशनगंजगिरफ्तारीपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : अपराधी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल

मुठभेड़ में दो पुलिस पदाधिकारी भी जख्मी, बाइक चोरी गिरोह की तलाश में गई थी टीम

किशनगंज,21मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर थाना क्षेत्र के फरिंगगोला रेलवे फाटक स्थित चौहान बस्ती में अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हो गया, जबकि दो पुलिस पदाधिकारी भी जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल अपराधी की पहचान कटिहार जिले के रौतारा निवासी पवन कुमार उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। उसे पैर में गोली लगी है। वहीं सदर थाना के अवर निरीक्षक नीतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। डीआईओ प्रभारी सह इंस्पेक्टर मुश्ताक आलम को भी आंशिक चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद घायल पुलिस अधिकारियों और अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बाइक चोरी गिरोह के सदस्य चौहान बस्ती में जमा हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे। इसी दौरान पुलिस और अपराधी पवन कुमार उर्फ चिंटू के बीच मुठभेड़ हो गई।

बताया जाता है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी और पुलिस अधिकारी घायल हो गए। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को अपराधियों के जमा होने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिसमें दो पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं। वहीं एक अपराधी भी घायल हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से की गई फायरिंग आत्मरक्षा में की गई। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!