District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : समय पर एम्बुलेंस, समय पर उपचार, किशनगंज में 102 सेवा बनी जीवनरक्षक सहारा

तीन माह में 6640 मरीजों को मिली मदद, 5047 गर्भवतियों को सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल

किशनगंज,19मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, आपातकालीन स्थिति में समय पर अस्पताल पहुंचना मरीज की जिंदगी बचाने में सबसे अहम माना जाता है। सीमावर्ती और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए रात के समय वाहन की व्यवस्था हमेशा चुनौती रही है। ऐसे में जिले में संचालित 102 एम्बुलेंस सेवा लोगों के लिए भरोसेमंद सहारा बनकर उभरी है। यह सेवा अब केवल मरीजों के परिवहन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

जिले में वर्तमान में कुल 34 एम्बुलेंस संचालित हैं। इनमें 8 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस, 24 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एम्बुलेंस और 2 शव वाहन शामिल हैं। आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से लैस ये एम्बुलेंस 24 घंटे सेवा दे रही हैं। इससे दूर-दराज गांवों के मरीजों को निजी वाहन का इंतजार नहीं करना पड़ रहा है और एक कॉल पर एम्बुलेंस सीधे गांव तक पहुंच रही है।

102 एम्बुलेंस सेवा के क्लस्टर लीडर आशिफ रहमानी ने बताया कि फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच जिले में कुल 6640 मरीजों को सहायता उपलब्ध कराई गई। इनमें 5047 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराया गया। इसके अलावा 169 नवजात शिशुओं, 254 सड़क दुर्घटना पीड़ितों और 1170 अन्य गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर इलाज उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने कहा कि समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध होने से गर्भवती महिलाओं को प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं से राहत मिली है। साथ ही नवजात और गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलने से लोगों का भरोसा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर बढ़ा है।

जिले में सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों में भी 102 सेवा तेजी से राहत पहुंचा रही है। एम्बुलेंस में मौजूद स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराते हैं, जिससे गंभीर स्थिति को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। विशेषकर दुर्घटना और हृदय संबंधी मामलों में यह सेवा प्रभावी साबित हो रही है।

ज़ेन प्लस, बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि 102 एम्बुलेंस सेवा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। पहले आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब एक कॉल पर एम्बुलेंस गांव तक पहुंच रही है।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि 102 एम्बुलेंस सेवा जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है। इससे संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिला है और गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिल पाने से जान बचाने में मदद मिल रही है।

जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है और 102 सेवा के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में काफी मदद मिल रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 102 सेवा का उपयोग करें, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!