District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत ‘जनभागीदारी अभियान’ का शुभारंभ

किशनगंज,18मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत “जनभागीदारी अभियान : सबसे दूर–सबसे पहले” कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में किया गया। यह अभियान प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA) के तहत 19 मई से 25 मई 2026 तक जिले में संचालित किया जाएगा।

अभियान का संचालन जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसके तहत पोठिया प्रखंड की छह पंचायतों मिर्जापुर, टिपिझाड़ी, उदगड़ा, कोल्था, पनासी एवं सारोगारा के 10 चयनित जनजातीय बहुल गांवों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य कमजोर जनजातीय समुदाय को सशक्त बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है।अभियान के दौरान पात्र लाभुकों को राशन कार्ड, जॉब कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, शौचालय एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

डीएम विशाल राज ने विकास मित्रों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर लाभुकों के आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर शिविर स्थल तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविरों में आवास योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, बच्चों का विद्यालय में नामांकन सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय समुदाय के लोगों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए गंभीरता से कार्य करें। डीएम ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन तथा स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने पर जोर दिया।

अभियान के तहत मेडिकल कैंप भी लगाए जाएंगे, जहां स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं 21 से 23 मई तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर जनजातीय समुदाय की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!