किशनगंज : स्वर्ण व्यवसायी से 60 लाख के जेवरात की लूट, एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

किशनगंज, 07 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एक स्वर्ण व्यवसायी से करीब 60 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों की लूट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र खुलासा और अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार बहादुरगंज निवासी स्वर्ण व्यवसायी गंगा प्रसाद साह की झांसी रानी चौक पर आभूषण की दुकान है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बीते 1 जून की रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। दुकान में रखे लगभग 35 से 40 भर सोने के जेवरात उन्होंने एक बैग में रखकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में सुरक्षित रखा था।
गंगा प्रसाद साह के अनुसार, जब वह सुभाषनगर स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखे जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि व्यवसायी कुछ समझ पाते, उससे पहले अपराधी मौके से निकल चुके थे।
पीड़ित के अनुसार लूटे गए सोने के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये है। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है।
शनिवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक और थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले का जल्द खुलासा करने को कहा।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत और चिंता का माहौल है। वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।



