अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीतस्करों के खिलाफ कार्रवाईपुलिसबिहार

किशनगंज : रेलवे स्टेशन के पास 10 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, एएनटीएफ व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

किशनगंज, 06 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और सदर थाना पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने किशनगंज रेलवे स्टेशन के समीप से 10 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डुमरिया भट्टा निवासी चंदन यादव के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार एएनटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक पश्चिम बंगाल से मादक पदार्थ लेकर किशनगंज आने वाला है और जिले में इसकी आपूर्ति करेगा। सूचना मिलने के बाद एएनटीएफ और सदर थाना पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

इसी दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। उसे रोककर पूछताछ की गई तथा तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 10 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में अवर निरीक्षक धीरज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पश्चिम बंगाल के दालकोला क्षेत्र से मादक पदार्थ लाकर किशनगंज में बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसने शुरुआत में कम मात्रा में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री शुरू की थी, लेकिन धीरे-धीरे उसका नेटवर्क बढ़ता गया।

गिरफ्तार आरोपी से एएनटीएफ और पुलिस की टीम गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह किन लोगों के संपर्क में था, जिले में उसका नेटवर्क कितना बड़ा था तथा मादक पदार्थों की आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!