किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : नशे के खिलाफ एससीएसटी थाना की जागरूकता रैली, लोगों से की नशामुक्त समाज बनाने की अपील

किशनगंज, 06 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों को रोकने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एससीएसटी थाना पुलिस द्वारा शनिवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत एससीएसटी थाना की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे की लत से दूर रहने का संदेश दिया।

रैली का नेतृत्व एससीएसटी थानाध्यक्ष मनोज कुमार भारती ने किया। रैली थाना परिसर से शुरू होकर डुमरिया, बस स्टैंड, डे मार्केट, अस्पताल रोड, गांधी चौक सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आम लोगों, दुकानदारों, युवाओं और राहगीरों से सीधे संवाद स्थापित कर नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार भारती ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्या बन जाता है। उन्होंने लोगों से शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति बेहद जरूरी है।

जागरूकता रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को यह भी बताया कि नशे की वजह से अपराध, सड़क दुर्घटनाएं, घरेलू हिंसा और सामाजिक अस्थिरता जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एक ओर जहां अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों को जागरूक कर नशे की प्रवृत्ति को समाप्त करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

रैली के समापन पर पुलिस टीम ने लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अवैध नशीली गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। अभियान को स्थानीय लोगों का भी सकारात्मक समर्थन मिला।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!