किशनगंजगिरफ्तारीतस्करों के खिलाफ कार्रवाईबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : नेपाल बॉर्डर से तस्करी कर लाए जा रहे 1600 किलो चाइनीज सेब जब्त, पिकअप चालक हिरासत में

किशनगंज, 06 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, नेपाल सीमा के रास्ते बिहार में अवैध रूप से लाए जा रहे चाइनीज सेब की बड़ी खेप को किशनगंज पुलिस ने बरामद किया है। टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के टेढ़ागाछ बाजार के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 80 कार्टून चाइनीज सेब जब्त किए हैं। मामले में वाहन चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल बॉर्डर के रास्ते चाइनीज सेब की बड़ी खेप जिले में पहुंचने वाली है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसपी ने टेढ़ागाछ थाना पुलिस को निर्देश दिया। इसके बाद थाना पुलिस ने सीमा क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।इसी क्रम में नेपाल बॉर्डर के खनियाबाद क्षेत्र की ओर से आ रहे पिकअप वाहन संख्या BR37GB0775 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में लदे 80 कार्टून चाइनीज सेब बरामद हुए। प्रत्येक कार्टून में 20 किलोग्राम सेब था। इस प्रकार कुल 1600 किलोग्राम सेब वाहन से बरामद किया गया।

पुलिस ने चालक मो. शाह रजा, निवासी बैसा वार्ड संख्या-09, थाना बहादुरगंज से सेब की खरीद एवं परिवहन संबंधी वैध कागजात की मांग की, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि सेब खनियाबाद निवासी बैद्यनाथ के घर से लोड किया गया था और उसे बहादुरगंज में डिलीवरी देनी थी।

दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने सेब की पूरी खेप और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया तथा चालक को थाना लाया गया। मामले की जानकारी अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग, फारबिसगंज (अररिया) को भी दे दी गई है।इस कार्रवाई में टेढ़ागाछ थाना प्रभारी मो. इजहार आलम, पुअनि रितेश कुमार, सिपाही नीरज कुमार तथा महिला गृहरक्षक दुर्गा कुमारी कामति शामिल थीं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!