किशनगंज में बालू माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, कार्रवाई में 10 नावें ध्वस्त
किशनगंज,19मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में सक्रिय बालू माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार देर रात जिला प्रशासन, खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित डॉक नदी घाट पर छापेमारी कर अवैध बालू खनन एवं तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की। हालांकि छापेमारी के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गए, लेकिन प्रशासन ने अवैध कारोबार में इस्तेमाल की जा रही 10 नावों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जिले की विभिन्न नदियों में लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध रूप से बालू खनन और तस्करी का खेल चल रहा था। प्रशासन को लगातार इसकी शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद पुलिस और खनन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से निगरानी बढ़ाई गई थी।
सोमवार रात गुप्त सूचना मिलने पर खान निरीक्षक सुनील कुमार तथा अर्राबाड़ी थाना अध्यक्ष कनकलता पुलिस बल के साथ फर्राबारी इलाके के डॉक नदी घाट पहुंचे। टीम को देखते ही बालू माफिया अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद प्रशासन ने घाट पर खड़ी अवैध खनन में प्रयुक्त 10 नावों को जब्त कर बुलडोजर से तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध बालू खनन और तस्करी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम आगे भी संवेदनशील घाटों पर लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चलाती रहेगी।



