District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : पेंशन मामलों में त्रुटि कम करने को कार्यशाला आयोजित

किशनगंज, 11 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, महालेखाकार कार्यालय, बिहार, पटना के तत्वावधान में गुरुवार को जिला परिषद स्थित मेची सभागार में पेंशन स्वीकृति एवं वित्तीय प्रबंधन विषयक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न विभागों से भेजे जाने वाले पेंशन प्रकरणों में होने वाली त्रुटियों को कम करना, वित्तीय नियमों के सही अनुपालन को सुनिश्चित करना तथा लेखांकन संबंधी प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाना था।कार्यशाला में प्रधान महालेखाकार, बिहार संतोष कुमार, उपमहालेखाकार ओमकार तथा जिलाधिकारी विशाल राज सहित जिले के विभिन्न विभागों के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (डीडीओ), पेंशन स्वीकृति पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान महालेखाकार कार्यालय के अधिकारियों ने पेंशन स्वीकृति की संपूर्ण प्रक्रिया, पेंशन मामलों में सामान्य रूप से पाई जाने वाली त्रुटियों तथा उनके समाधान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पेंशन प्रकरणों में दस्तावेजों की अपूर्णता, सेवा अभिलेखों में विसंगति और आवश्यक प्रमाणपत्रों की कमी जैसी त्रुटियों के कारण मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब होता है। इन कमियों को दूर कर पेंशनधारियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराया जा सकता है।इसके अलावा वित्तीय नियमों, लेखांकन प्रक्रियाओं और सरकारी प्रावधानों के अनुपालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से वित्तीय प्रबंधन और लेखांकन की बारीकियों से अवगत कराया गया। कार्यशाला के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने समाधान किया तथा पेंशन मामलों के समयबद्ध और त्रुटिरहित निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि पेंशनधारियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने में सहायक साबित होती हैं तथा पेंशन संबंधी मामलों के निपटारे में तेजी लाती हैं।कार्यशाला में पेंशनधारियों को भी अपनी समस्याएं और सुझाव रखने का अवसर दिया गया। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से वित्तीय एवं लेखांकन नियमों का पूर्ण अनुपालन करते हुए पेंशन मामलों के निष्पादन में विशेष सावधानी बरतने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!