District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : रात में भी उपलब्ध जीवनरक्षक सिजेरियन सेवा, मातृत्व सुरक्षा की मजबूत गारंटी बना सदर अस्पताल

किशनगंज, 11 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के सदर अस्पताल में चौबीसों घंटे उपलब्ध जीवनरक्षक सिजेरियन सेवा अब गरीब और ग्रामीण परिवारों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन गई है। अस्पताल में निःशुल्क सिजेरियन ऑपरेशन, दवाइयां, आवश्यक जांच, भर्ती एवं प्रसवोत्तर देखभाल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे संस्थागत प्रसव के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक कुल 7067 सामान्य प्रसव तथा 167 सिजेरियन डिलीवरी सफलतापूर्वक कराई गईं। अप्रैल 2025 में 415 सामान्य प्रसव दर्ज किए गए थे, जो अक्टूबर में बढ़कर 795 तक पहुंच गए। नवंबर में 693, दिसंबर में 663, जनवरी 2026 में 683, फरवरी में 624 तथा मार्च में 645 सामान्य प्रसव हुए। पूरे वर्ष के दौरान 167 जटिल प्रसव मामलों में सफल सिजेरियन ऑपरेशन किए गए।

कोचाधामन प्रखंड की नाजिया खातून ने बताया कि प्रसव के दौरान डॉक्टरों ने सिजेरियन की सलाह दी तो परिवार आर्थिक चिंता में पड़ गया। उनके पति दिहाड़ी मजदूर हैं और उन्हें भारी खर्च का डर था। लेकिन सदर अस्पताल में सभी सुविधाएं निःशुल्क मिलने से राहत मिली। उन्होंने बताया कि समय पर ऑपरेशन होने से मां और बच्चे दोनों की जान सुरक्षित रही।

दिघलबैंक की रेखा देवी ने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं अस्पताल जाने से हिचकिचाती थीं, लेकिन अब बेहतर सुविधाओं, साफ-सफाई, प्रशिक्षित चिकित्सकों और सम्मानजनक व्यवहार के कारण सरकारी अस्पतालों पर भरोसा बढ़ा है।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. शबनम यास्मीन ने बताया कि गर्भ में बच्चे की गलत स्थिति, अत्यधिक रक्तचाप, लंबे समय तक प्रसव पीड़ा या अन्य जटिल परिस्थितियों में सिजेरियन ऑपरेशन जीवनरक्षक साबित होता है। अस्पताल में दिन-रात आपातकालीन सिजेरियन सेवा उपलब्ध है।

उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन ने बताया कि सदर अस्पताल का लेबर रूम लक्ष्य प्रमाणित है तथा यहां अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, ब्लड बैंक, एसएनसीयू और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि मातृत्व सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी विशाल राज ने भी इसे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदलती तस्वीर का प्रतीक बताया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!