District Adminstrationकिशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में अवैध खनन पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 70 से अधिक नावें ध्वस्त, कई ट्रैक्टर जब्त

किशनगंज, 11 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध बालू और मिट्टी खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने गुरुवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के संयुक्त नेतृत्व में अहले सुबह करीब चार बजे से जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जिले के कई चिन्हित घाटों और तटीय इलाकों में एक साथ दबिश दी। अभियान के दौरान अमल झाड़ी, बावन डूबा, ओद्रा, बेलवा, मौजबारी, रहमानी टी स्टेट के पीछे का क्षेत्र, रायपुर, हालामाला सहित विभिन्न नदी घाटों पर सघन जांच और कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि नदियों के बीच से अवैध रूप से बालू निकालने के लिए बड़ी संख्या में नावों का उपयोग किया जा रहा था। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए खनन कार्य में प्रयुक्त 70 से अधिक नावों को मौके पर ही ध्वस्त कर जमींदोज कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि इन नावों का दोबारा उपयोग न हो सके, इसके लिए यह कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान बालू की ढुलाई में लगे कई ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया। जब्त वाहनों को जिला पुलिस लाइन लाया गया है, जहां जिला परिवहन विभाग और खनन विभाग की टीम उनके दस्तावेजों, इंजन और चेसिस नंबरों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार बिना वैध कागजात और चालान के पाए जाने वाले वाहनों के मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माना लगाने की प्रक्रिया चल रही है।इस विशेष अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) खुसरू सिराज, सहायक जिला खनन पदाधिकारी आदित्य कुमार समेत कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के बीच कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट और राजस्व क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!