किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : वायरल वीडियो के बाद पुलिसकर्मी निलंबित, ठेलादार से अभद्रता और अनुशासनहीनता का आरोप

किशनगंज, 11 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने ड्यूटी के दौरान ठेलादारों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और अनुशासनहीन आचरण के आरोप में किशनगंज थाना में पदस्थापित सिपाही निभाकर चौधरी को निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को 9 जून का एक वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुआ था। वीडियो में गांधी चौक पर एक पुलिसकर्मी वाहनों और ठेलों को हटाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के साथ यह भी दावा किया गया था कि संबंधित पुलिसकर्मी शराब के नशे में था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी संतोष कुमार ने तत्काल जांच का आदेश दिया।

पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) द्वारा की गई जांच में संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान सिपाही निभाकर चौधरी के रूप में हुई। जांच के दौरान गांधी चौक के स्थानीय लोगों और ठेलादारों से पूछताछ की गई। पूछताछ में बताया गया कि घटना के दिन संबंधित पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर शराब के नशे में वाहनों और ठेलों को इधर-उधर किया तथा ठेलादारों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

जांच प्रतिवेदन में सिपाही का आचरण प्रथम दृष्टया घोर लापरवाही, मनमानेपन, स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता एवं उदंडतापूर्ण पाया गया। इसके आधार पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है। साथ ही सात दिनों के भीतर विभागीय जांच के संदर्भ में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आम लोगों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि जनता के साथ दुर्व्यवहार, अनुशासनहीनता या किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विभाग में “जीरो टॉलरेंस” नीति लागू है और कर्तव्य निर्वहन में अनियमितता, भ्रष्टाचार या संदिग्ध आचरण के मामलों में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!