अररिया : पीएम आवास योजना के 41 लाभुकों को मिली सांकेतिक चाबी, 44 को स्वीकृति पत्र

अररिया, 21 आगत (के.स.)। अब्दुल कैय्युम, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अररिया जिले में पक्का आवास पूरा करने वाले लाभुकों के गृह प्रवेश को लेकर शुक्रवार को परमान सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में लाभुकों को सांकेतिक चाबी, नए आवास निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र और योजना में नाम जुड़ने पर शुभकामना पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में जोकीहाट विधायक मो. मुर्शिद आलम, नरपतगंज विधायक देवंती यादव, उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी और निदेशक डीआरडीए सौरव सिन्हा सहित बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पात्र आठ लाभुकों को सांकेतिक चाबी प्रदान कर गृह प्रवेश कराया गया। वहीं आठ अन्य लाभुकों को शुभकामना पत्र प्रदान किया गया। जिलाधिकारी ने लाभुकों से संवाद करते हुए उनके आवासहीन होने से लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का घर मिलने तक के सफर और अनुभवों की जानकारी ली।
जिले में 41 लाभुकों का गृह प्रवेश
बताया गया कि राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत बिहार में 2 लाख 35 हजार लाभुकों को आवास की चाबी प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों के संबंधित पदाधिकारी और लाभुक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
इसी क्रम में अररिया जिले के सभी प्रखंडों को मिलाकर कुल 41 लाभुकों को सांकेतिक चाबी प्रदान कर गृह प्रवेश कराया गया। वहीं 44 लाभुकों को स्वीकृति पत्र और 46 लाभुकों को शुभकामना पत्र दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे गरीब परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास की सुविधा मिल रही है तथा उनके जीवन स्तर में सुधार का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।



