District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : 27 अगस्त से अनुसूचित जाति टोलों में लगेगा गुरु संत रविदास विकास शिविर

किशनगंज, 21 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में चल रहे विशेष समरसता संकल्प अभियान के तहत अब अनुसूचित जाति टोलों में विकास शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर 27 अगस्त से प्रत्येक गुरुवार को जिले की सभी पंचायतों के सभी अनुसूचित जाति टोलों में श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर लगाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के सभी परिवारों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना है।

इससे पहले 20 अगस्त को जिले के सभी प्रखंडों में विशेष समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इसके बाद अभियान के अगले चरण में विकास शिविरों के माध्यम से पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की जाएगी।

शिविर में राशन कार्ड, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्यालय एवं आंगनबाड़ी में नामांकन, आयुष्मान भारत कार्ड, श्रम कार्ड और विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन लिए जाएंगे। इसके अलावा हर घर नल का जल, मुख्यमंत्री ग्रामीण पक्की गली-नाली योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री जन धन योजना, बिजली कनेक्शन, जीविका, मुख्यमंत्री टोला संपर्क योजना, शौचालय निर्माण और वासभूमि जैसी योजनाओं से वंचित परिवारों को भी लाभान्वित किया जाएगा।

शिविर से पहले विकास मित्रों के माध्यम से संबंधित अनुसूचित जाति टोलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। योजना से वंचित योग्य लोगों की पहचान कर उनसे आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और यथासंभव शिविर से पहले ही आवेदनों का निष्पादन कराया जाएगा।

शिविर के दिन निष्पादित आवेदनों से संबंधित लाभ एवं हकदारी का वितरण किया जाएगा। वहीं, नए प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग या कार्यालय को भेजकर उनके निष्पादन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य अभियान के माध्यम से पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाते हुए सरकारी सुविधाओं की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button