ताजा खबर

*शिक्षा सेवकों की भूमिका और दायित्वों को प्रभावी बनाने के लिए शुरू हुई कार्यशाला*

*हर पोषक क्षेत्र का एक भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे, यह तय करना है लक्ष्य*

*शोध प्रस्ताव और शोध उपकरणों को भी दिया जाएगा अंतिम रूप*

*चार दिवसीय कार्यशाला का 20 को होगा समापन*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। राज्य के हर पोषक क्षेत्र में 6 से 14 वर्ष तक का एक भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे, इस मकसद को और कारगर बनाने की तैयारी हो रही है। इसके तहत महेंद्रू स्थित राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद् (एससीईआरटी) में मंगलवार से चार दिवसीय कार्यशाला की शुरुआत हुई। इसका समापन 20 नवम्बर को होगा।
संस्थान के निदेशक के मार्गदर्शन में चल रही कार्यशाला में शिक्षा सेवकों (टोला सेवक एवं तालीमी मरकज) की भूमिका और उनके दायित्वों के बेहतर निर्वहन पर चर्चा हो रही है। पोषक क्षेत्र के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित हो और वे नियमित रूप से विद्यालय आते रहें, इसके उपायों पर विमर्श किया जा रहा है।
कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य इस विषय पर शोध प्रस्ताव और शोध उपकरणों को अंतिम रूप देना है। इसमें परिषद् के अधिकारियों के साथ राज्य के अलग-अलग शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, व्याख्याता और विषय विशेषज्ञ सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
कार्यशाला के जरिये ऐसे प्रभावी उपाय विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है जिससे कोई भी बच्चा स्कूली शिक्षा से वंचित न रहे।

Related Articles

Back to top button