ताजा खबर

प्रमाणित बीज की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

गुणवत्तापूर्ण बीज किसानों की समृद्धि और कृषि विकास की पहली शर्त -: विजय कुमार सिन्हा

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/आज कृषि विभाग की ओर से बीज प्रमाणीकरण प्रक्रिया विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए माननीय कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीज कृषि उत्पादन की आधारशिला हैं। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादकता में सुधार लाने तथा बिहार को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर कृषि उत्पादन आयुक्त श्री अरविंद कुमार चौधरी, कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल, विशेष सचिव श्री वीरेंद्र प्रसाद यादव, अपर सचिव श्रीमती कल्पना कुमारी, श्री अखिलेश कुमार सिंह एवं श्री अमित कुमार पाण्डेय, कृषि विभाग के निदेशक श्री मुकेश कुमार लाल, निदेशक उद्यान श्री अभिषेक कुमार, संयुक्त सचिव श्री सुनील कुमार तिवारी तथा बसोका निदेशक श्री नीतेश कुमार राय सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

इस कार्यशाला में क्षेत्रीय कृषि अधिकारियों, कृषि वैज्ञानिकों के साथ-साथ बीज विक्रेता तथा बीज कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

इस अवसर पर श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार की बड़ी आबादी कृषि एवं इससे जुड़े कार्यों पर निर्भर है। ऐसे में किसानों के वर्तमान और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बीज की गुणवत्ता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। बीज प्रमाणीकरण की प्रक्रिया केवल एक तकनीकी औपचारिकता नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास और उनके परिश्रम की सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि बिहार राज्य बीज एवं जैविक प्रमाणन एजेंसी (बसोका) की विश्वसनीयता बनाए रखना और उसे और अधिक सुदृढ़ करना सभी संबंधित अधिकारियों एवं संस्थाओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बीज उत्पादक संस्थाओं, निजी कंपनियों तथा विभागीय अधिकारियों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य में धान और गेहूं के साथ-साथ मक्का, दलहन, तिलहन एवं मोटे अनाजों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए राज्य के 15 जिलों में मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत विभिन्न प्रोत्साहन एवं अनुदान योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि फसल विविधीकरण से किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।

श्री सिन्हा ने बीज प्रमाणन निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से बीज उत्पादन क्षेत्रों, प्रसंस्करण इकाइयों एवं भंडारण केंद्रों का निरीक्षण करने तथा निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीज प्रमाणीकरण की प्रत्येक प्रक्रिया में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसानों को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज उपलब्ध हो सके।

Related Articles

Back to top button