*जीवन को देखने, समझने और बदलने की सबसे बड़ी शक्ति है – “सकारात्मक दृष्टिकोण”*
जितेन्द्र कुमार सिन्हा, ::जिस तरह एक साधारण चित्र रंगों के स्पर्श से सुंदर, आकर्षक और जीवंत बन जाता है, उसी तरह हमारे विचार जीवन के कैनवास पर खुशियों, आशाओं और संभावनाओं के रंग भरते हैं। चित्र में रंगों का चयन उसकी सुंदरता तय करता है, ठीक उसी प्रकार हमारे विचार हमारे जीवन की दिशा और दशा निर्धारित करते हैं। मन में अच्छे विचार हो तो कठिन रास्ते भी आसान लगने लगते हैं। दृष्टिकोण सकारात्मक हो तो विपरीत परिस्थितियों में भी संभावनाओं के द्वार दिखाई देने लगते हैं। इसके विपरीत, नकारात्मक सोच से भरा मन अनुकूल परिस्थितियों में भी परेशानियों और निराशाओं के कारण तलाशने लगता है।
जीवन वास्तव में वैसा नहीं होता है, जैसा हम केवल देखते हैं, बल्कि काफी हद तक वैसा बन जाता है, जैसा हम उसे देखने और समझने का नजरिया विकसित करते हैं। हमारी सोच हमारे व्यवहार को प्रभावित करती है, व्यवहार हमारे व्यक्तित्व को आकार देता है और व्यक्तित्व हमारे सामाजिक संबंधों से लेकर व्यक्तिगत उपलब्धियों तक पर प्रभाव डालता है। इसलिए जीवन को सुंदर बनाने के लिए सबसे पहले अपने विचारों को सुंदर बनाना आवश्यक है।
आज के सामाजिक और राजनीतिक परिवेश में इस विचार का महत्व और भी बढ़ जाता है। देश हो या राज्य, राजनीति में परिस्थितियां हमेशा किसी एक व्यक्ति या समूह के नियंत्रण में नहीं होती है। सरकारों के निर्णय, राजनीतिक दलों की नीतियां, चुनावी परिणाम और सामाजिक घटनाएं अनेक कारकों से प्रभावित होती है। लेकिन इन परिस्थितियों को देखने, समझने और उन पर प्रतिक्रिया देने का नजरिया जनता के अपने विचारों से नियंत्रित होता है। यही दृष्टिकोण समाज की दिशा भी तय करता है।
मनुष्य की सबसे बड़ी विशेषता उसकी विचार करने की क्षमता है। पशु-पक्षी भी अपनी आवश्यकताओं के अनुसार व्यवहार करते हैं, लेकिन मनुष्य अपने विवेक, अनुभव और विचारों के आधार पर भविष्य की कल्पना कर सकता है। वह अपनी गलतियों से सीख सकता है, परिस्थितियों को बदलने का प्रयास कर सकता है और असफलताओं को सफलता की सीढ़ी बना सकता है। हमारे मन में प्रतिदिन हजारों विचार आते हैं। इनमें कुछ सकारात्मक होते हैं, कुछ नकारात्मक और कुछ ऐसे होते हैं जो हमारे मन को उलझन में डाल देते हैं। इन विचारों में से हम किन विचारों को महत्व देते हैं, यही हमारे व्यक्तित्व का निर्माण करता है।
यदि कोई व्यक्ति हर समस्या में अपनी असफलता देखता है तो धीरे-धीरे उसका आत्मविश्वास कमजोर होने लगता है। वह प्रयास करने से पहले ही हार मान लेता है। इसके विपरीत, जो व्यक्ति समस्या को चुनौती समझता है, वह समाधान खोजने का प्रयास करता है। उसके लिए असफलता अंत नहीं है, बल्कि अनुभव प्राप्त करने का अवसर बन जाती है। इसका अर्थ यह नहीं है कि केवल अच्छा सोचने से हर समस्या समाप्त हो जाएगी। सकारात्मक सोच का वास्तविक अर्थ है समस्याओं को स्वीकार करते हुए उनका समाधान खोजने की इच्छाशक्ति बनाए रखना।
कई बार सकारात्मक सोच को गलत तरीके से समझा जाता है। कुछ लोग मानते हैं कि सकारात्मक व्यक्ति को हमेशा प्रसन्न रहना चाहिए और उसे किसी परिस्थिति में दुखी या निराश नहीं होना चाहिए। वास्तव में ऐसा नहीं है। जीवन में दुख, असफलता, आर्थिक कठिनाई, बीमारी, अपमान और प्रियजनों से बिछड़ने जैसी परिस्थितियां आती है। इनसे प्रभावित होना स्वाभाविक है। सकारात्मक व्यक्ति भी दुखी होता है, लेकिन वह दुख को अपने जीवन का स्थायी आधार नहीं बनने देता है। सकारात्मक दृष्टिकोण का अर्थ है कि हम कठिनाइयों को नकारें नहीं, बल्कि उनका सामना करने का साहस रखें। जहां गलती हो, उसे स्वीकार करें। जहां सुधार की आवश्यकता हो, वहां प्रयास करें। जहां परिस्थितियां बदलना संभव न हो, वहां अपने मन को मजबूत बनाएं। एक ही परिस्थिति में दो व्यक्ति अलग-अलग प्रतिक्रिया दे सकते हैं। एक व्यक्ति वर्षा होने पर अपनी योजना बिगड़ने का दुख मनाता है, जबकि दूसरा उसी वर्षा में प्रकृति की सुंदरता खोज लेता है। घटना एक ही है, लेकिन दृष्टिकोण अलग-अलग है। यही अंतर जीवन को देखने का नजरिया बदल देता है।
ईर्ष्या, द्वेष, क्रोध, अहंकार, बदले की भावना और निराशा ऐसे भाव हैं जो सबसे पहले मनुष्य के भीतर अशांति पैदा करते हैं। इनका प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार, समाज और कार्यक्षेत्र तक पहुंचता है। ईर्ष्या हमें दूसरों की उपलब्धियों से दुखी करती है। द्वेष हमारे संबंधों में दूरी पैदा करता है। अहंकार हमें अपनी गलतियां स्वीकार नहीं करने देता। क्रोध विवेक को कमजोर करता है और निराशा प्रयास करने की इच्छा समाप्त कर देती है। किसी दूसरे व्यक्ति की सफलता से जलने के बजाय उससे प्रेरणा लेना अधिक उपयोगी है। किसी की गलती पर केवल आलोचना करने के बजाय सुधार का अवसर देना चाहिए। हर असहमति को व्यक्तिगत दुश्मनी समझना भी उचित नहीं है। नकारात्मक विचारों का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि वे हमारी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों से हटाकर अनावश्यक चिंताओं में लगा देते हैं। जो समय हम अपने विकास, परिवार और समाज के लिए उपयोग कर सकते हैं, वह दूसरों की आलोचना और तुलना में व्यर्थ हो जाता है। इसलिए मन को स्वच्छ रखना उतना ही आवश्यक है, जितना शरीर को स्वस्थ रखना।
यदि जीवन को एक चित्र मानें तो प्रेम उसका सबसे सुंदर रंग है। प्रेम मनुष्य को मनुष्य से जोड़ता है। करुणा दूसरों के दुख को समझने की क्षमता देती है। क्षमा मन के बोझ को हल्का करती है और विश्वास संबंधों को मजबूत बनाता है। आज के समय में छोटी-छोटी बातों पर संबंध टूट जाते हैं। परिवारों में संवाद की कमी, समाज में बढ़ती असहिष्णुता और राजनीतिक मतभेदों में कटुता इसके उदाहरण हैं। हम कई बार विचारों की असहमति को व्यक्ति से दुश्मनी में बदल देते हैं। जबकि स्वस्थ समाज की पहचान यह है कि उसमें अलग-अलग विचारों के लिए भी स्थान हो। किसी व्यक्ति की राय हमसे अलग हो सकती है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उसका सम्मान समाप्त हो जाए। क्षमा करना कमजोरी नहीं होता है, बल्कि मानसिक परिपक्वता का संकेत है। इसका अर्थ अन्याय को स्वीकार करना नहीं है, बल्कि अपने मन को प्रतिशोध की भावना से मुक्त रखना है। इसी प्रकार करुणा का अर्थ केवल दया दिखाना नहीं है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आना भी है।
मनुष्य की एक सामान्य प्रवृत्ति है कि वह जो उसके पास नहीं है, उसके बारे में अधिक सोचता है और जो उसके पास है, उसकी महत्ता भूल जाता है। दूसरों की संपत्ति, पद, प्रतिष्ठा और सुविधाएं देखकर वह अपने जीवन को कमतर समझने लगता है। कृतज्ञता इस प्रवृत्ति को बदलने का माध्यम है। हमारे जीवन में माता-पिता का स्नेह, परिवार का साथ, मित्रों का विश्वास, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान जैसी अनेक ऐसी उपलब्धियां हैं, जिन्हें हम अक्सर सामान्य मान लेते हैं। लेकिन जब इनमें से कोई चीज हमारे जीवन से दूर होती है, तब उसकी वास्तविक कीमत समझ में आती है। कृतज्ञ व्यक्ति छोटी-छोटी खुशियों में भी आनंद खोज लेता है। वह दूसरों के योगदान को स्वीकार करता है और अपनी उपलब्धियों के लिए केवल स्वयं को श्रेय नहीं देता। कृतज्ञता का भाव मनुष्य को विनम्र बनाता है। वह जीवन में शिकायतों की जगह संतोष और अपेक्षाओं की जगह आभार को महत्व देना सीखता है। इसका अर्थ यह नहीं कि वह आगे बढ़ने की इच्छा छोड़ दे। बल्कि वह अपनी वर्तमान उपलब्धियों का सम्मान करते हुए बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करता है।
राजनीति किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। सरकारें आती है और जाती है। राजनीतिक दल अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के आधार पर जनता के सामने आते हैं। चुनावों में जनता अपने मताधिकार का प्रयोग करके प्रतिनिधियों का चयन करती है। यह लोकतंत्र की स्वाभाविक प्रक्रिया है। लेकिन आज राजनीतिक विमर्श में विचारों की जगह कई बार आरोप-प्रत्यारोप, व्यक्तिगत कटुता और भावनात्मक उकसावे ने ले ली है। सोशल मीडिया पर किसी राजनीतिक घटना की पूरी जानकारी प्राप्त किए बिना ही लोग अपनी राय बनाने लगते हैं। किसी नेता के पक्ष में होने का अर्थ उसके हर निर्णय का समर्थन और किसी दल का विरोध करने का अर्थ उसकी हर बात को गलत मान लेना नहीं होना चाहिए।
लोकतंत्र में जनता की भूमिका केवल मतदान करने तक सीमित नहीं है। जनता का दायित्व है कि वह सरकार के कार्यों का मूल्यांकन करे, जनहित के मुद्दों पर सवाल पूछे और अच्छे कार्यों की सराहना भी करे। सकारात्मक राजनीतिक दृष्टिकोण का अर्थ सरकार की हर नीति का समर्थन करना नहीं है। इसी तरह आलोचना करना भी नकारात्मकता नहीं है। यदि कोई निर्णय जनहित के विरुद्ध है तो उसका विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है। लेकिन विरोध तथ्यों, तर्को और मर्यादा के आधार पर होना चाहिए। सरकार चाहे केंद्र की हो या राज्य की, उसका मूल्यांकन विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आधारभूत संरचना और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर होना चाहिए। केवल राजनीतिक पसंद या नापसंद के आधार पर हर निर्णय को सही या गलत ठहराना जनता के विवेक को कमजोर करता है।
भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता और लोकतांत्रिक परंपरा है। यहां अलग-अलग विचारधाराओं, भाषाओं, धर्मों, जातियों और संस्कृतियों के लोग एक साथ रहते हैं। राजनीतिक विचारों में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन इन मतभेदों को सामाजिक मनभेद में बदल देना खतरनाक है। चुनाव आते हैं, प्रचार होता है, राजनीतिक दल एक-दूसरे की आलोचना करते हैं और जनता अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करती है। चुनाव परिणाम आने के बाद भी किसी की राजनीतिक पहचान के कारण उसके प्रति घृणा या भेदभाव नहीं होना चाहिए। लोकतंत्र में बहुमत को शासन करने का अधिकार मिलता है, लेकिन अल्पमत के विचारों का सम्मान भी आवश्यक है। स्वस्थ राजनीतिक संस्कृति वही है जिसमें सत्ता पक्ष अपनी जिम्मेदारियों को समझे और विपक्ष अपनी रचनात्मक भूमिका निभाए। जनता को भी यह समझना होगा कि राजनीतिक दल और नेता लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंग हैं, लेकिन राष्ट्र और समाज उनसे कहीं बड़े हैं। सत्ता परिवर्तन लोकतंत्र का हिस्सा है, जबकि सामाजिक एकता राष्ट्र की आवश्यकता है।
आज सोशल मीडिया ने हर व्यक्ति को अपनी बात कहने का मंच दिया है। यह लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। अब आम नागरिक भी किसी मुद्दे पर अपनी राय रख सकता है, सरकार से सवाल पूछ सकता है और सामाजिक समस्याओं को सामने ला सकता है। लेकिन इस सुविधा के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। बिना सत्यापन के संदेश साझा करना, आधी-अधूरी जानकारी के आधार पर निष्कर्ष निकालना, भ्रामक तस्वीरों और वीडियो को सच मान लेना तथा असहमति रखने वालों को अपमानित करना समाज में भ्रम और तनाव पैदा करता है। हमें यह समझना होगा कि सोशल मीडिया पर वायरल होना किसी खबर के सत्य होने का प्रमाण नहीं है। किसी संदेश को साझा करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांचना आवश्यक है। विचारों की स्वतंत्रता का अर्थ यह नहीं कि हम किसी के सम्मान और प्रतिष्ठा को चोट पहुंचाने के लिए स्वतंत्र हैं। अभिव्यक्ति की आजादी के साथ सामाजिक मर्यादा और संवैधानिक जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। यदि हम अपने विचारों में संयम, संवाद में शालीनता और व्यवहार में सम्मान बनाए रखें तो सोशल मीडिया समाज को जोड़ने का माध्यम बन सकता है, तोड़ने का नहीं।
व्यक्ति के विचारों का सबसे पहला प्रभाव उसके परिवार पर पड़ता है। घर का वातावरण केवल सुविधाओं से सुंदर नहीं बनता, बल्कि वहां रहने वाले लोगों के व्यवहार और विचारों से सुंदर बनता है। यदि परिवार में एक-दूसरे की बात सुनने, गलतियों को सुधारने, बड़ों का सम्मान करने और छोटों को स्नेह देने की परंपरा हो तो अनेक कठिनाइयां भी सहजता से हल हो सकती है। बच्चे केवल उपदेशों से संस्कार नहीं सीखते, बल्कि अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों के व्यवहार को देखकर जीवन के मूल्य अपनाते हैं। यदि बड़े लोग हर समय शिकायत, विवाद और नकारात्मकता में डूबे रहेंगे तो बच्चों पर भी उसका प्रभाव पड़ेगा। समाज में भी सकारात्मक विचारों की आवश्यकता है। किसी जरूरतमंद की सहायता करना, किसी निराश व्यक्ति को प्रोत्साहित करना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना ऐसे छोटे कार्य हैं जो सामूहिक जीवन को बेहतर बनाते हैं।
सकारात्मक सोच कोई एक दिन में विकसित होने वाली आदत नहीं है। इसके लिए निरंतर अभ्यास और आत्ममंथन की आवश्यकता होती है। पहला- दिन की शुरुआत अच्छे विचारों से करें। सुबह उठकर अपने जीवन की अच्छी बातों को याद करें और दिन के लिए सकारात्मक संकल्प लें। दूसरा- दूसरों से तुलना करने के बजाय स्वयं से प्रतिस्पर्धा करें। कल की अपेक्षा आज बेहतर बनने का प्रयास करें। तीसरा- अच्छी पुस्तकें पढ़ें। प्रेरणादायक साहित्य, महापुरुषों के जीवन और विचारशील लेखन से मन को नई दिशा मिलती है। चौथा- नकारात्मक संगति से बचें। ऐसे लोगों के साथ समय बिताएं जो आपको प्रोत्साहित करें और सही सुझाव दें। पांचवां- अपनी गलतियों को स्वीकार करें। गलती स्वीकार करना आत्मसम्मान कम नहीं करता, बल्कि व्यक्तित्व को मजबूत बनाता है। छठा- दूसरों के अच्छे कार्यों की प्रशंसा करें। प्रशंसा करने से व्यक्ति छोटा नहीं होता, बल्कि उसके मन की उदारता प्रकट होती है। सातवां- आत्मचिंतन और मौन के लिए समय निकालें। दिनभर के व्यवहार और विचारों का मूल्यांकन करें। यह समझने का प्रयास करें कि कहां सुधार की जरूरत है।
जीवन में सभी परिस्थितियां हमारे अनुकूल हो, यह संभव नहीं है। कभी सफलता मिलेगी तो कभी असफलता। कभी प्रशंसा होगी तो कभी आलोचना। कभी अपने साथ होंगे तो कभी विरोधी भी सामने आएंगे। लेकिन इन सबके बीच हम अपने विचारों और व्यवहार को कैसा बनाए रखते हैं, यह बहुत हद तक हमारे हाथ में है। किसी भी व्यक्ति के जीवन में सबसे बड़ी जीत दूसरों को पराजित करना नहीं, बल्कि अपने भीतर की ईर्ष्या, क्रोध, अहंकार और नकारात्मकता पर विजय प्राप्त करना है। राजनीति में भी यही सिद्धांत लागू होता है। जनता को जागरूक, विवेकशील और सकारात्मक होना चाहिए। सरकार के अच्छे कार्यों का समर्थन और गलत नीतियों का तार्किक विरोध होना चाहिए। किसी भी दल या नेता के प्रति अंधसमर्थन अथवा अंधविरोध लोकतांत्रिक चेतना को कमजोर करता है। देश और राज्य की परिस्थितियां बदलती रहेगी। सरकारें बदलेगी,नीतियां बदलेगी और राजनीतिक समीकरण भी बदलेंगे। लेकिन यदि जनता अपने विचारों में विवेक, व्यवहार में संयम और दृष्टिकोण में सकारात्मकता बनाए रखेगी तो समाज में स्वस्थ लोकतांत्रिक वातावरण कायम रहेगा।
यह समझना आवश्यक है कि हमारा जीवन एक खाली कैनवास की तरह है। इस पर कौन-से रंग भरने हैं, इसका चुनाव हमें स्वयं करना है। यदि हम ईर्ष्या, द्वेष, निराशा और कटुता के रंग चुनेंगे तो जीवन का चित्र भी वैसा ही दिखाई देगा। लेकिन यदि प्रेम, करुणा, क्षमा, विश्वास, संतोष और कृतज्ञता के रंगों से इसे सजाएंगे तो कठिन परिस्थितियों में भी जीवन सुंदर और अर्थपूर्ण बन सकता है। हम दुनिया की हर घटना को अपनी इच्छा के अनुसार नहीं बदल सकते, लेकिन उसके प्रति अपनी प्रतिक्रिया अवश्य बदल सकते हैं। यही सकारात्मक सोच की वास्तविक शक्ति है। इसलिए आवश्यकता है कि हम दूसरों को बदलने से पहले स्वयं को बदलने का प्रयास करें। अपनी सोच को व्यापक बनाएं, अपने व्यवहार को विनम्र बनाएं और अपने व्यक्तित्व में मानवीय मूल्यों को स्थान दें। सुंदर जीवन केवल अच्छी परिस्थितियों का परिणाम नहीं होता, बल्कि अच्छे विचारों और सही दृष्टिकोण का प्रतिफल भी होता है। विचार बदलेंगे तो व्यवहार बदलेगा, व्यवहार बदलेगा तो व्यक्तित्व बदलेगा और व्यक्तित्व बदलेगा तो जीवन की तस्वीर भी बदल जाएगी।
————-