District Adminstrationअपराधकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : पहाड़कट्टा में गृहभेदन कांड का खुलासा, दो गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर और 25 हजार रुपये बरामद

बंद घर को निशाना बनाकर की गई थी चोरी, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

किशनगंज, 12 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में बंद घर से सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात के साथ 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को गृहभेदन कांड के उद्भेदन में बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

सोमवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि दामलबाड़ी गांव निवासी सहराबू, पिता स्वर्गीय मसीरूद्दीन के बंद घर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर से करीब 44 भरी सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित के आवेदन के आधार पर पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 263/26, दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3)/305(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन तथा ठाकुरगंज अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंथ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान करते हुए छापेमारी की गई। इस दौरान पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के काशीबाड़ी निवासी अंजरुन निशा, पति अख्तर हुसैन तथा फुलहरा निवासी बिट्टू कर्मकार, पिता बसंत लाल कर्मकार, को गिरफ्तार किया गया। बिट्टू कर्मकार के संबंध में पुलिस ने सोनार होने की जानकारी दी है।

सोने के झुमके, लॉकेट से लेकर चांदी के पायल तक बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से सोने के दो जोड़ी झुमके, तीन लॉकेट, दो तेहरा, एक जोड़ी बेसर और दो अंगूठियां बरामद की हैं। इसके अलावा चांदी की 11 अंगूठियां, चार चेन, दो जोड़ी पायल, कमरबंद, गोट, टूटी घड़ी, सूट, ताबीज, अंगुष्ठा और एक जोड़ी ब्रेसलेट सहित अन्य सामान जब्त किया गया। साथ ही 25 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

छापेमारी दल में अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंथ, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार तथा पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार, विरेन्द्र कुमार, योगेन्द्र पाल और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर चोरी की घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button