प्रमुख खबरें

*बिहार विधान मंडल सदस्यीय एवं कर्मचारी उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड का निबंधन संपन्न*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के मार्गदर्शन एवं पहल पर गठित बिहार विधान मंडल सदस्यीय एवं कर्मचारी उपभोक्ता सहकारी समिति लिमिटेड का निबंधन आज दिनांक 13 नवंबर, 2026 को सहकारिता विभाग, बिहार, पटना द्वारा कर लिया गया । इस अवसर पर सहकारिता विभाग के संयुक्त निबंधक श्री निकेश कुमार ने समिति का निबंधन प्रमाण-पत्र माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सौंपा।

इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार विधान मंडल के माननीय सदस्यों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस सहकारी समिति की स्थापना की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य दैनिक घरेलू उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ उचित एवं रियायती दरों पर उपलब्ध कराना है, ताकि सदस्यों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री सुलभ हो सके और उन्हें आर्थिक रूप से भी लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधि का माध्यम नहीं, बल्कि सामूहिक सहभागिता, सहयोग और पारस्परिक लाभ की भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। यह समिति इसी भावना के अनुरूप कार्य करेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि समिति पारदर्शिता, जवाबदेही एवं प्रभावी प्रबंधन के साथ अपने उद्देश्यों को पूरा करते हुए सभी सदस्यों के लिए उपयोगी एवं लाभकारी सिद्ध होगी।

माननीय अध्यक्ष ने कहा कि सहकारिता की भावना लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। यह समिति ‘सहयोग से समृद्धि’ के सिद्धांत पर कार्य करते हुए विधान मंडल परिवार में आपसी विश्वास, अनुशासन एवं सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समिति शीघ्र ही क्रियाशील होकर विधान मंडल परिवार के हितों की पूर्ति करने वाली एक आदर्श सहकारी संस्था के रूप में स्थापित होगी।

समिति का कार्यक्षेत्र संपूर्ण बिहार विधान मंडल निर्धारित किया गया है तथा इसका कार्यालय बिहार विधान सभा के उप भवन स्थित कमरा संख्या जी-1 (भूतल), पटना में होगा। समिति के अध्यक्ष–सह–संगठनकर्ता के रूप में सभा सचिवालय के प्रशाखा पदाधिकारी श्री राजीव रंजन को नामित किया गया है।

*उप निदेशक*
*बिहार विधान सभा, पटना*

Related Articles

Back to top button