*मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं विभिन्न बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की प्रगति की प्रधान सचिव ने की समीक्षा*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/05 अक्टूबर को गृह विभाग में प्रधान सचिव, गृह विभाग श्री पंकज कुमार की अध्यक्षता में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं एवं विभिन्न बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्यों की अद्यतन प्रगति से प्रधान सचिव को अवगत कराया गया।
समीक्षा के दौरान प्रधान सचिव श्री पंकज कुमार ने राज्य के सभी थानों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा को अगले 30 दिनों के भीतर सक्रिय कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा के सक्रिय होने से पुलिस थानों एवं वरीय अधिकारियों के बीच समन्वय और त्वरित संवाद को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
उन्होंने फोरेंसिक जांच के परिणाम से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित फोरेंसिक रिपोर्ट के कारण अनुसंधान एवं न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए। संबंधित पदाधिकारी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रधान सचिव ने स्पीडी ट्रायल (Speedy Trial) से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की तथा ऐसे मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्पीडी ट्रायल के मामलों में संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए मामलों को शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए।
बैठक में विभिन्न आयोगों द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की सुरक्षा एवं सुचारु संचालन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रधान सचिव ने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर इन परीक्षाओं की मिशन मोड में मॉनिटरिंग की जाए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की आवाजाही तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन संबंधित शहरों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुचारु रखा जाए, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा आम नागरिकों के आवागमन पर भी अनावश्यक प्रभाव न पड़े।
प्रधान सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं विभिन्न बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जिलावार अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यों की समयबद्धता, गुणवत्ता एवं प्रभावी अनुश्रवण पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) श्री पारस नाथ, अपर पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण एवं एससीआरबी) श्री अजिताभ कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) श्रीमती के. सुहिता अनुपम, आईजी (मुख्यालय) श्री मनोज कुमार, अपर सचिव, गृह विभाग श्री कुंदन कुमार, निदेशक, अभियोजन श्री सुधांशु कुमार चौबे, संयुक्त सचिव, गृह विभाग श्री कमल नयन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
