*कैलाशपति मिश्र की जयंती पर डॉ. प्रेम कुमार ने किया नमन, कहा—सादगी, संगठन और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा उनका जीवन*
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भारतीय जनसंघ एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, कुशल संगठनकर्ता और बिहार भाजपा के भीष्म पितामह स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि 5 अक्टूबर 1923 को बक्सर जिले के दुधारचक में जन्मे कैलाशपति मिश्र जी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के साथ संगठन को मजबूत करने में समर्पित कर दिया। स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी से लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनसंघ के माध्यम से बिहार में संगठन के विस्तार तक उनका योगदान अविस्मरणीय रहा।
उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र जी की पहचान एक ऐसे संगठनकर्ता के रूप में रही, जिन्होंने कार्यकर्ताओं को गढ़ने और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का काम किया। वर्ष 1977 में वे बिक्रम विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए और कर्पूरी ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री का दायित्व संभाला। वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी के गठन के बाद वे बिहार भाजपा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष बने। बाद में उन्होंने गुजरात के राज्यपाल तथा राजस्थान के कार्यवाहक राज्यपाल के रूप में भी संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन किया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि कैलाशपति मिश्र जी का सार्वजनिक जीवन सादगी, अनुशासन, विचारों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता और राष्ट्रहित की भावना का उदाहरण रहा। उन्होंने सत्ता और पद से अधिक संगठन एवं सेवा को महत्व दिया। उनका जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि समर्पित कार्यकर्ता अपने विचार, आचरण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर समाज में स्थायी परिवर्तन का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र जी के विचार और संगठनात्मक संस्कार आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनकी जयंती पर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

