किशनगंज : जनजातीय महिलाओं और बच्चों के मुद्दों पर सेमिनार, योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

किशनगंज, 30 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जनजातीय समुदाय के विकास और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिलास्तरीय सेमिनार का आयोजन किया गया। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार तथा बिहार अनुसूचित जनजाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेमिनार में जनजातीय महिलाओं और बच्चों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नवीन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। सेमिनार का मुख्य विषय ‘महिलाएं एवं बच्चे’ रहा।
इस दौरान जनजातीय समुदाय की महिलाओं और बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, नेतृत्व क्षमता तथा संरक्षण से संबंधित विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों ने समुदाय के जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने को लेकर भी अपने विचार रखे।
डीएम नवीन कुमार ने कहा कि जिले में अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों तक सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं और बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाकर उन्हें आवश्यक सेवाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
सेमिनार में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, सिविल सर्जन, श्रम अधीक्षक, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आइसीडीएस, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पदाधिकारी सहित सभी अनुमंडल एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा जनजातीय समुदाय से जुड़े विभिन्न विषयों के प्रतिभागी और विकास मित्रों ने भी भाग लिया। अधिकारियों ने जनजातीय समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।



