अपराधकिशनगंजठाकुरगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : अवैध संबंध के शक में पत्नी की गला रेतकर हत्या, आरोपी पति फरार

किशनगंज,17मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत गलगलिया थाना क्षेत्र के भातगांव पंचायत में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है।

मृतका की पहचान जोया खातून के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आरोपी पति मोहम्मद आलम ने घास काटने वाले धारदार औजार (कचिया) से उसके गले पर कई बार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोया खातून की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व मोहम्मद आलम से हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार, वर्ष 2025 में आलम मजदूरी के लिए दिल्ली चला गया था, जिसके बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा था।

सोमवार की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक हो गया। आरोप है कि पहले आरोपी ने पत्नी के सिर पर वार कर उसे बेहोश किया, फिर घर से कुछ दूरी पर ले जाकर कचिया से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के समय सभी बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे।

मृतका के परिजनों ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने खुद फोन कर हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह गलगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी पति वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!