किशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ठाकुरगंज : गोविंदपुर गांव तक जाने वाली सड़क बदहाल, ग्रामीणों ने निर्माण की उठाई मांग

किशनगंज,18मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत रसिया पंचायत के अंतिम छोर पर स्थित गोविंदपुर गांव तक जाने वाली एकमात्र सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक इस सड़क का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे गोविंदपुर के साथ-साथ डेगाबस्ती के लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क पूरी तरह जर्जर और कच्ची है। बारिश के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलजमाव हो जाता है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और छात्राओं को होती है। बच्चों को रोजाना स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार फिसलन के कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान इस इलाके की ओर नहीं जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के समय नेता सड़क निर्माण का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही वादे भूल जाते हैं। लोगों ने कहा कि उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने राज्य सरकार के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें हर गांव और बस्ती तक सड़क पहुंचाने की बात कही जाती है। लोगों का कहना है कि सरकारी दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क की स्थिति की तत्काल जांच कराई जाए और गोविंदपुर व डेगाबस्ती को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पहल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!