किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : साप्ताहिक अभियान में 32 गिरफ्तार, 13 लाख से अधिक का जुर्माना वसूला

किशनगंज,18मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने बीते एक सप्ताह में अवैध कारोबार और अपराध के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। 11 मई से 17 मई 2026 तक चलाए गए अभियान में पुलिस ने 32 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस द्वारा सोमवार को जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार वाहन जांच अभियान और यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई में कुल 13,44,775 रुपये शमन शुल्क के रूप में वसूले गए। वहीं अवैध शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी और चोरी के मामलों में भी कई अहम बरामदगी की गई है।

अभियान के दौरान पुलिस ने 338.18 लीटर विदेशी शराब और 98.4 लीटर देशी शराब बरामद की। इसके अलावा 426.08 ग्राम ब्राउन शुगर तथा 0.74 ग्राम स्मैक भी जब्त किया गया।पुलिस ने एक कार, एक ट्रैक्टर, चार मोटरसाइकिल और दो साइकिल को भी जप्त किया है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान छह मोबाइल फोन, 14 मवेशी तथा विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा भी बरामद की है। बरामद नकदी में 7 लाख 76 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा, 1 लाख 28 हजार नेपाली रुपये, 27 कतर रियाल, एक मलेशिया रिंगिट, 12 सऊदी रियाल तथा 10 चीनी यूआन शामिल हैं। इसके अलावा 62 गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध बालू खनन, शराब तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार, पशु तस्करी और मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब, नशे के कारोबार, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ किशनगंज पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!