किशनगंज : सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में जांच शिविर, सदर अस्पताल में 15 गर्भवतियों का अल्ट्रासाउंड
किशनगंज,16मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने और गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच के साथ उन्हें पोषण, स्वच्छता और सुरक्षित प्रसव से संबंधित आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह की 9, 15 और 21 तारीख को जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा सदर अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इन तिथियों पर लगाए जाने वाले विशेष शिविरों में गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कर संभावित जटिलताओं की समय रहते पहचान की जाती है।
कार्यक्रम के तहत सदर अस्पताल में भी बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं जांच के लिए पहुंचीं। यहां महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शबनम यास्मीन द्वारा 15 गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड जांच की गई। जांच के माध्यम से गर्भस्थ शिशु की स्थिति, विकास और गर्भावस्था से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का आकलन किया गया।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं का वजन, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन और मधुमेह की जांच की गई। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार लेने, आयरन व कैल्शियम की दवाओं का नियमित सेवन करने, पर्याप्त आराम करने और स्वच्छता बनाए रखने के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की असामान्य समस्या जैसे अत्यधिक कमजोरी, सूजन, चक्कर या अन्य लक्षण होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए, ताकि समय रहते उपचार किया जा सके।
महिला चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शबनम यास्मीन ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच के साथ डॉक्टरों की सलाह का पालन करना बेहद जरूरी है। संतुलित पोषण, समय पर दवा सेवन और नियमित स्वास्थ्य जांच से मां और शिशु दोनों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन ने बताया कि राज्य सरकार के दिशा–निर्देश के तहत जिले में सुरक्षित मातृत्व कार्यक्रम को लगातार मजबूत किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित तिथियों पर कार्यक्रम का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि विभाग की इस पहल पर लोगों का विश्वास बढ़ रहा है, जिससे सुरक्षित मातृत्व के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिल रही है।



