किशनगंज : ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ को प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं

किशनगंज,16मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ योजना को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल राज ने सोमवार को आमजनों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन सोमवार और शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि और उनके समयबद्ध निष्पादन की व्यवस्था की जाए।
जिलाधिकारी ने प्रखंड, पंचायत और जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग भी अनिवार्य करने का निर्देश दिया। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित पदाधिकारी को तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को सूचित करने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित हों, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
डीएम ने कहा कि जो पदाधिकारी एक से अधिक कार्यालयों के प्रभार में हैं, वे सोमवार और शुक्रवार को निर्धारित समय के अनुसार सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों से मिलना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों की अवहेलना या अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



