किशनगंज : जिला शतरंज प्रतियोगिता में विवान, उत्कर्ष, लकी व रियांशी अव्वल

किशनगंज,02मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, तेघरिया स्थित गट्टानी परिसर में शनिवार को चेस क्रॉप्स अकादमी के सौजन्य से जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में निःशुल्क शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विवान दे, उत्कर्ष कुमार साहा, लकी कुमार साहा एवं रियांशी कनोडिया ने प्रथम स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन संघ के वरीय उपाध्यक्ष मनोज गट्टानी ने किया। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि बच्चों में एकाग्रता, निर्णय क्षमता, चिंतनशीलता एवं धैर्य विकसित करने का सशक्त माध्यम है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को इस दिशा में प्रोत्साहित करें।
संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्त एवं आयोजन सचिव सह चेस क्रॉप्स अकादमी के प्रमुख कमल कर्मकार ने बताया कि विभिन्न वर्गों में कुणाल सरकार, राजवी गुप्ता, अयांश रंजन एवं नित्य चितलांगिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शिवांश शेखर, मयंक पारीक, ईशान कर्मकार और जीविका चितलांगिया तृतीय स्थान पर रहे।
सभी विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अस्मित आनंद, राघव जैन, जैश कुमार, कुंज जैन, स्वरूप गुप्ता सहित अन्य प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि मनोज गट्टानी एवं विशिष्ट अतिथि अंकित कनोडिया ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। आयोजन की सफलता में संघ के संयुक्त सचिव सुधांशु सरकार, सहायक सचिव रौनक कुमार एवं राजकुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



