किशनगंज : छत्तरगाछ पिकेट प्रभारी रामबहादुर शर्मा को एसपी ने किया निलंबित
ट्रैफिक डीएसपी की जांच रिपोर्ट पर की गई कार्रवाई

किशनगंज,07मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, थाना में जब्त ट्रैक्टर को नियमों का उल्लंघन कर मुक्त करने के आरोप में छत्तरगाछ पिकेट प्रभारी रामबहादुर शर्मा को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की कार्रवाई बुधवार शाम को ट्रैफिक डीएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
मामले में प्राप्त शिकायत के आलोक में एसपी के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार द्वारा जांच की गई थी। जांच में कर्तव्य पालन में अनियमितता, सरकारी नियमों की अवहेलना तथा बिचौलियों से सांठगांठ के आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
नियमों की अनदेखी कर वाहन मुक्त करने का आरोप
जांच के दौरान यह सामने आया कि छत्तरगाछ पिकेट प्रभारी द्वारा थाना में जब्त दो वाहनों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना मुक्त किया गया। इससे सरकारी राजस्व की क्षति एवं गंभीर अनियमितता की बात सामने आई है।
ट्रैफिक डीएसपी की जांच प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि वाहन मुक्त करने से पूर्व जिला परिवहन पदाधिकारी, किशनगंज से वाहनों के कागजात एवं अन्य बिंदुओं का सत्यापन नहीं कराया गया। साथ ही वाहन रिलीज करने के दौरान निर्धारित नियमों की भी अनदेखी की गई।
बिचौलियों से सांठगांठ का भी आरोप
जांच रिपोर्ट के आधार पर पिकेट प्रभारी पर किसी बिचौलिये से सांठगांठ कर गंभीर अनियमितता बरतने, संदिग्ध आचरण, कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, मनमानी एवं आदेश उल्लंघन के आरोप लगाए गए हैं। इसके बाद उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच के तहत उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
भ्रष्ट आचरण पर सख्त कार्रवाई : एसपी
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्पष्ट कहा है कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण के प्रति विभाग की शून्य सहिष्णुता की नीति है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी पदाधिकारी या कर्मी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



