किशनगंज : पुलिसिंग को जवाबदेह व पीपुल्स फ्रेंडली बनाने के निर्देश

किशनगंज,29अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और पीपुल्स फ्रेंडली बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि थाना स्तर पर कार्यरत एएसआई और एसआई के कार्यों की नियमित एवं कड़ी मॉनिटरिंग की जाएगी।
एसपी ने निर्देश दिया कि सभी पुलिस पदाधिकारी प्रत्येक माह अपने कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिसमें कांडों के निष्पादन, गिरफ्तारी, वारंट एवं इश्तेहार तामिला, गश्ती और वाहन जांच जैसे बिंदु शामिल होंगे। बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरती जाएगी। मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिसकर्मी हों या आम नागरिक, सभी के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रूट चार्ट तैयार करने, नियमित बिट पुलिसिंग एवं रात्रि पैदल गश्ती को अनिवार्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ड्यूटी के दौरान अनुशासन एवं सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से सभी चेकिंग प्वाइंट पर क्यूआर कोड लगाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा प्रत्येक थाना में शिकायत पेटी एवं क्यूआर कोड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि आम जनता अपनी शिकायत आसानी से दर्ज करा सके।
एसपी ने बैंक, सराफा बाजार एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर नियमित बैठक एवं गश्ती बढ़ाने का भी निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान लंबित मामलों, गिरफ्तारी की स्थिति, मालखाना प्रबंधन, महिला हेल्प डेस्क एवं डिजिटल पोर्टलों की कार्यप्रणाली की भी गहन जांच की जा रही है।



